देहरादून में देर रात हाई-वोल्टेज ड्रामा! छात्रों के लिए CM आवास पहुंची कांग्रेस | Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून में बुधवार देर रात मुख्यमंत्री आवास के बाहर उस वक्त जबर्दस्त राजनीतिक बवाल और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आयुर्वेद विश्वविद्यालय के आंदोलनकारी छात्रों के समर्थन में उतरे कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग तोड़कर सीधे सीएम आवास के मुख्य गेट तक जा पहुंचे। सुरक्षा घेरे में हुई इस भारी चूक के बाद हरकत में आई पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन घसीटकर पुलिस वाहनों में भरा और मौके से हटाया। यह पूरा विवाद उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के बीएएमएस (BAMS) छात्रों की लंबित परीक्षाओं और परीक्षा परिणामों की मांग से जुड़ा है: छात्रों ने पूर्व में विश्वविद्यालय प्रशासन और शासन को अपनी मांगों के निस्तारण के लिए 10 दिन का समय दिया था। सीएम आवास के मुख्य द्वार पर पहुंचे कांग्रेसियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक झूमाझटकी और तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ते देख भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया और प्रदर्शन कर रहे नेताओं व कार्यकर्ताओं को जबरन घसीटकर पुलिस वैन में डाला गया।