कैसे मंत्री की जुबान से खुला बड़ा राज? | Bharat Chaudhary | CM Dhami | BJP | Uttarakhand News

Spread the love

‘बैणी-भुली’ योजना पर मंत्री भरत चौधरी की ऐसी गुगली कि सियासी गलियारों में हलचल मच गई! सीएम धामी ने जिस ऐलान पर सस्पेंस बना रखा था, मंत्री जी ने कैमरे के सामने ही पूरा पत्ता खोल दिया। 10 हजार की पहली किस्त चुनाव से पहले और दूसरी बाद में, लेकिन ऐलान के बीच मुख्यमंत्री का नाम क्यों गायब रहा? क्या मातृशक्ति को आर्थिक मदद का फैसला है या चुनाव से पहले सियासी दांव? एक बयान और सरकार से लेकर विपक्ष तक मचा घमासान! दोस्तो जिस बात को मुख्यमंत्री धामी ने बताना उचित नहीं नहीं समझा या फिर मौका का इंतजार हो शायद लेकिन उसी योजना की एक एक बात मंत्री ने क्यों जगजाहिर कर दी। जी हां दोस्तो उत्तराखंड की सियासत में इस वक्त एक ऐसा अजीबोगरीब ‘स्क्रिप्ट ट्विस्ट’ देखने को मिल रहा है, जिसने सत्ता के गलियारों में हलचल मचा दी है! होता आमतौर पर यह है कि चुनाव नजदीक आते ही सरकारें ऐसे मास्टरस्ट्रोक चलती हैं कि विपक्ष चारों खाने चित हो जाए। लेकिन ‘बैणी-भुली’ योजना के मामले में ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने ऐसी ‘गुगली’ फेंकी कि विपक्षी खेमे को बैठे-बिठाए ‘फुल टॉस’ मिल गई—और खुद सरकार को सफाई की मुद्रा में आना पड़ा! सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि मंत्रीजी ने इस योजना को चुनाव में ‘गेम-चेंजर’ बताकर सरकार की मंशा उजागर कर दी, बल्कि सियासी गलियारों में सबसे बड़ा बवाल इस बात पर है कि करोड़ों की इस योजना की रकम का ऐलान करते वक्त मंत्रीजी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम लेना तक भूल गए! आखिर 17 नवंबर को चमोली में सीएम धामी ने जिस सस्पेंस को बचाकर रखा था, उसे मंत्रीजी ने क्यों खोला? और कैसे ‘लखपति दीदी’ का दावा अब ‘10 हजारी’ की टाइमिंग में उलझ गया है?

दोस्तो इस पूरी सियासी कहानी की शुरुआत 17 नवंबर को चमोली से हुई थी। वहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘भैणी-भुली’ योजना के तहत पहाड़ की महिलाओं को प्रोत्साहन देने की घोषणा तो की, लेकिन सियासी सस्पेंस बरकरार रखते हुए रकम का खुलासा नहीं किया। राजनीतिक जानकार मान रहे थे कि ‘सस्पेंस’ का यह पत्ता सही वक्त और सही मंच से खुद मुख्यमंत्री खोलेंगे। मगर इससे पहले कि कोई और आगे बढ़ता, ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी कैमरों के सामने आए और उन्होंने सीधे 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त का ऐलान कर दिया। मंत्रीजी यहीं नहीं रुके—उन्होंने बेबाकी से कह डाला कि यह योजना 2027 के चुनाव में ‘गेम-चेंजर’ साबित होगी। पहली किस्त दिसंबर में आएगी और दूसरी किस्त चुनाव के बाद मिलेगी। साथ ही एक से पांच लाख रुपये तक के कर्ज का भी जिक्र कर दिया। विपक्ष के लिए इससे बेहतर मौका भला क्या हो सकता था? जो सरकार खुद को ‘लखपति दीदी’ बनाने के बड़े दावों के साथ पेश करती रही हो, उसके मंत्री के मुंह से चुनाव से ठीक पहले ‘10 हजार की पहली किस्त’ और ‘चुनाव के बाद दूसरी किस्त’ का फॉर्मूला निकलते ही कांग्रेस को यह कहने का मौका मिल गया कि यह जनकल्याण नहीं, बल्कि चुनावी मौसम का ‘कांटा’ और ‘प्रलोभन’ है! दोस्तो इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाला पहलू कुछ और ही रहा। जब करोड़ों की इस योजना की रकम और किस्तों की टाइमिंग बताई जा रही थी, तब मंत्री भरत सिंह चौधरी के पूरे संबोधन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम ही नदारद रहा! राजनीति में शब्दों का छूट जाना या मुखिया का नाम न लिया जाना अक्सर महज संयोग नहीं होता, बल्कि सुर्खियों की वजह बन जाता है। एक ओर जहां सियासी गलियारों में यह चर्चा छिड़ गई कि क्या घोषणा की ‘टाइमिंग’ और ‘क्रेडिट’ को लेकर भीतरखाने सब कुछ एक ही लय में नहीं था? वहीं दूसरी ओर विपक्ष को यह कहने की खुराक मिल गई कि सरकार के भीतर ही तालमेल और संदेश की एकरूपता पर सवाल उठ रहे हैं।

“मंत्रीजी के इस ‘सीधे-सपाट’ बयान ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह को सरकार पर धारदार हमला बोलने का बड़ा हथियार थमा दिया है।गणेश गोदियाल ने ‘60 महीने बनाम आखिरी दो महीने’ का हिसाब-किताब खोलते हुए सीधे सरकार की नीयत पर सवाल दागे हैं। इसके अलावा दोस्तो एक और बात 5.23 लाख महिलाओं की संख्या पर भी चुटकी लेते हुए सवाल दागा कि क्या प्रदेश की बाकी महिलाओं को चुनावी गणित से बाहर कर दिया गया है? इतना ही नहीं, बिहार-बंगाल के उदाहरणों और अंकिता भंडारी के माता-पिता को दी गई सहायता वापस मांगे जाने के पुराने विवाद का जिक्र करके गोदियाल ने सरकार की नीयत को कटघरे में खड़ा कर दिया। दोस्तो सियासत में कई बार इरादे नेक या चुनावी हो सकते हैं, लेकिन शब्दों का चुनाव पूरा खेल पलट देता है। मंत्री भरत सिंह चौधरी का मकसद शायद यह बताना रहा हो कि सरकार महिलाओं को सिलाई, बुनाई, पशुपालन या छोटे कारोबार के लिए शुरुआती पूंजी देकर आत्मनिर्भर बनाना चाहती है और चुनाव में इसका फायदा मिलेगा। मगर जिस तरह उन्होंने चुनावी गणित को खुलकर सामने रख दिया और ‘चुनाव के बाद अगली किस्त’ की शर्त बता दी, उससे आलोचकों को यह कहने का मौका मिल गया कि योजना का उद्देश्य कारोबार कम और वोट बैंक ज्यादा दिख रहा है। फिलहाल, ‘बैणी-भुली’ योजना की दिसंबर वाली किस्त खाते में पहुंचने से पहले ही सियासी बयानबाजी ने जोर पकड़ लिया है। अब देखना यह है कि सरकार इस ‘गेम-चेंजर’ बयान से निकले सियासी तूफान को कैसे संभालती है—और क्या अगली बार माइक थामते वक्त मंत्रीजी नाम लेने में कोई ‘चूक’ नहीं करेंगे!