2027 की जंग में दावों का नंबर गेम! कांग्रेस 45 पार, बीजेपी 60-65 पार, 70 सीटों वाली विधानसभा में किस पार्टी का क्या है सियासी गणित? नारों से आगे क्या है दोनों दलों की रणनीति, नेतृत्व और चुनावी तैयारी? क्या दावों के मुताबिक जमीन पर भी बन रहा है माहौल? समझिए उत्तराखंड का पूरा चुनावी गणित! दोस्तो उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर 2027 का सियासी संग्राम अब सीधा ‘नंबर गेम’ और ‘टारगेट वॉर’ में बदल चुका है! एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत ने हल्द्वानी की धरती से हुंकार भरते हुए 2027 में ‘45 पार’ सीटें जीतकर सरकार बनाने का ऐलान कर दिया है, तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है..लेकिन इस चुनावी गणित के बीच एक बड़ा सियासी सवाल खड़ा हो गया है! 6 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को ‘65 पार’ का महा-लक्ष्य दिया था, लेकिन महज 16 दिन बाद हरिद्वार में हुई बीजेपी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यह लक्ष्य ‘60 पार’ के प्रस्ताव पर सिमटता नजर आया। उधर, कांग्रेस ने भी ‘45 पार’ का दावा तो ठोक दिया है, मगर सवाल यह है कि गुटबाजी और पिछले दो चुनावों की हार के बाद कांग्रेस के लिए यह सफर कितना आसान या कितना कठिन है? आइए, दोनों दलों की रणनीति और जमीनी हकीकत की परतें खोलते हैं।
दोस्तो पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने साफ कर दिया कि कांग्रेस इस बार सिर्फ चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि एक स्थिर सरकार बनाने के इरादे से मैदान में उतर रही है। दोस्तो कांग्रेस के इस आक्रामक तेवर से पहले ही बीजेपी ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। 6 नवंबर 2026 को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर देहरादून में अमित शाह ने 2017 की 57 सीटों और 2022 की 47 सीटों का हवाला देते हुए ‘65 पार’ का नारा बुलंद किया था। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को धर्मनगरी हरिद्वार में—जहां 2022 में बीजेपी को 11 में से 8 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था—पार्टी ने अपनी विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज, सीएम पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पार्टी ने कई बड़े फैसले लिए। हरिद्वार कार्यसमिति में पार्टी ने औपचारिक रूप से 60 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प पारित किया। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि क्या 15 दिनों के भीतर ही जमीनी फीडबैक और एंटी-इनकंबेंसी को भांपते हुए बीजेपी ने ‘65 पार’ के आंकड़े को थोड़ा व्यावहारिक बनाकर ‘60 पार’ पर ला दिया है?
दोस्तो अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हरीश रावत ने जिस ‘45 पार’ का दावा किया है, वह जमीन पर कितना आसान है? अगर कांग्रेस की बात करूं तो, कांग्रेस का लक्ष्य ’45’ पार! उत्तराखंड में हर पांच साल में सरकार बदलने का पुराना मिथक 2022 में भले ही टूट गया हो, लेकिन 10 साल की सत्ता के बाद विधायकों और सरकार के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी (सत्ता विरोधी लहर) कांग्रेस का सबसे बड़ा हथियार है। कांग्रेस का लक्ष्य ’45’ पार! बेरोजगारी, पेपर लीक, अंकिता भंडारी केस, अग्निवीर, और जंगली जानवरों के हमलों जैसे स्थानीय मुद्दों पर जनता में नाराजगी है, जिसे कांग्रेस भुनाने की कोशिश में है। कांग्रेस का लक्ष्य ’45’ पार!, 2022 में भी कांग्रेस ने हरिद्वार (11 में से 8 सीटें) और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी इलाकों में शानदार प्रदर्शन किया था। अब वा ये कि कहां हैं बड़ी चुनौतियां क्योंकि दोस्तो कांग्रेस की राह के रोड़े कम नहीं हैं। 28 सीटों की लंबी छलांग, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 19 सीटों पर सिमट गई थी। 19 से सीधे 45 के पार पहुंचने के लिए कांग्रेस को अपनी सीटों की संख्या दोगुनी से भी ज्यादा बढ़ानी होगी। आंतरिक गुटबाजी, हरीश रावत ने भले ही ‘सामूहिक नेतृत्व’ और ‘युवाओं को आगे लाने’ की बात कही हो, लेकिन पार्टी के भीतर दिग्गज नेताओं के बीच तालमेल की कमी और टिकट बंटवारे की खींचतान हमेशा से कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी रही है। बीजेपी का संगठनात्मक तंत्र, दूसरी तरफ बीजेपी के पास पन्ना प्रमुख से लेकर बूथ स्तर तक बेहद मजबूत संगठन, यूसीसी (UCC), नकल विरोधी कानून, और ‘बैणी-भुली’ जैसी डायरेक्ट बेनिफिट योजनाओं की लंबी फेहरिस्त है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी (AAP) भी सभी 70 सीटों पर लड़ने का ऐलान कर चुकी है, जिससे वोटों के बंटवारे का खतरा बना रहेगा। दोस्तो कुल मिलाकर, 2027 के चुनाव से पहले दोनों ही खेमों ने अपने-अपने दांव चल दिए हैं। बीजेपी जहां हरिद्वार के मंथन के बाद ‘60 पार’ के संकल्प और बूथ मैनेजमेंट के दम पर इतिहास रचने को बेताब है, वहीं हरीश रावत ‘45 पार’ के नारे और नई पीढ़ी के जोश के साथ सत्ता में वापसी का सपना देख रहे हैं। लेकिन लोकतंत्र में नारे और लक्ष्य बंद कमरों या प्रेस कॉन्फ्रेंस में तय होते हैं, उन पर अंतिम मुहर उत्तराखंड की जनता ईवीएम का बटन दबाकर लगाती है—और 2027 में पहाड़ का मतदाता किसके दावे को सच साबित करेगा, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा!