सीएम आवास पर मना ‘इगास बग्वाल’, श्रमिकों के परिजनों ने संग मुख्यमंत्री धामी ने किया पहाड़ी नृत्य और भोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सीएम आवास पर 'इगास बग्वाल' समारोह में भाग लिया। समारोह में उन्होंने सिलक्यारा सुरंग से बचाए गए 41 श्रमिकों में से कुछ के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित भी किया।

Share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आज देर शाम तक सिलक्यारा टनल में फंसे सभी 41 श्रमिकों के सकुशल बाहर आने की खुशी में हर्ष पर्व के रूप में इगास मनायी गयी। Igas Bagwal program at CM residence इस अवसर पर श्रमिकों के परिजन भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सभी परिजनों को माला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक दलों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी गई।सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रमिकों के परिजनों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनके धैर्य और श्रमिकों के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे लिए आज इगास का पर्व है, क्योंकि हमारे श्रमिक भाई सकुशल बाहर आ गए हैं और स्वस्थ हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भेलू खेलकर तथा लोक नृत्य कर इगास पर्व मनाते हुए सभी प्रदेशवासियों को पुनः इगास पर्व की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग हादसे के चलते हम सब इस बार दीपावली नही मना पाए थे, अब सभी श्रमिको को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिए जाने के बाद आज दिवाली का जश्न मनाया गया है। बता दें कि दिवाली के 11 दिन बाद उत्तराखंड में इगास पर्व मनाया जाता है। इस दौरान सभी के लिए पारंपरिक व्यंजन और पहाड़ी भोज का भी आयोजन किया गया। सीएम ने परिजनों के साथ भोजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरंग में फंसे श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के अभियान पर निरंतर नजर रखे हुए थे और वह श्रमिकों की कुशलता को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में श्रमिको को रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला जा सका है।