मुख्यमंत्री धामी के निर्देश, राम मंदिर थीम पर मनाया जाएगा उत्तरायणी पर्व

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 जनवरी को उत्तरायणी पर्व पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की थीम पर आयोजित करने के निर्देश दिये हैं।

Share

22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड में भी तैयारियां तेज हो गयी हैं। Ayodhya Ram Temple मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं कि उत्तरायणी पर होने वाले कार्यक्रमों को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की थीम पर आयोजित किए जाएं। दरअसल, 14 जनवरी को देश के तमाम हिस्सों में मकर संक्रांति पर्व के रूप में मनाया जाता है। इसी तरह उत्तराखंड में इस पर्व को उत्तरायणी पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान प्रदेश के तमाम जगहों पर उत्तरायणी मेले का आयोजन किया जाता है। मुख्य रूप से बागेश्वर जिले में हर साल आयोजित होने वाला उत्तरायणी मेला काफी प्रसिद्ध है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा वे दीपोत्सव के साथ ही तमाम कार्यक्रम इस अवधि में करें। उन्होंने कहा अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे देश भर में उत्साह का माहौल है। ऐसे में राज्य में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए। साथ ही कहा कि इस अवधि में कलश यात्राओं के अलावा राम कथा आयोजित करने के साथ ही प्रमुख नदियों के घाटों की साफ-सफाई का अभियान चलाया जाए। इसके अलावा स्कूलों में राम के आदर्शों पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।