सोनप्रयाग-मुनकटिया यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर: लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग अवरुद्ध हो गया। सुबह 9:44 बजे सेक्टर अधिकारी सोनप्रयाग ने घटना की सूचना देते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मार्ग पर पैदल और अन्य आवाजाही को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से रोका गया। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। सोनप्रयाग-गौरीकुंड पैदल मार्ग पर मुनकटिया के पास भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया, लेकिन विषम परिस्थितियों में भी SDRF की टीम मौके पर डटी रही।