उत्तराखंड: घर के आंगन से पांच साल के मासूम पर गुलदार ने किया हमला, बुरी तरह किया जख्मी

रूद्रप्रयाग में गुलदार ने एक पांच वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। हमले से मासूम बुरी तरह से घायल हो गया। हालांकि बच्चा खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

Share

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आदमखोर गुलदार दहशत का सबब बने हुए हैं। कभी सिर्फ जंगलों तक सीमित रहने वाले वाले वन्य जीव अब इंसानी बस्तियों में दाखिल हो रहे हैं। Guldar attack on boy Rudraprayag अब रूद्रप्रयाग में गुलदार ने एक पांच वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। हमले से मासूम बुरी तरह से घायल हो गया। हालांकि बच्चा खतरे से बाहर बताया जा रहा है। लेकिन गुलदार के हमले से मासूम के सिर, पैर और हाथ पर गहरे जख्म हो गए हैं। गुलदार की दहशत से लोग डरे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, बच्छणस्यूं क्षेत्र के खल्यां गांव में बुधवार देर शाम अपने घर के आंगन में खेल रहे पांच वर्षीय बालक आदर्श राणा पुत्र त्रिलोक राणा पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों के द्वारा शोर किए जाने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ।

घटना के बाद से लोगों में फिर से दहशत हो गई है। ग्रामीणों ने बालक को घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में लाया गया। चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बालक को छुट्टी दे दी गई। ग्रामीणों द्वारा ये मांग की गई है कि वन विभाग गुलदार को पकड़ने हेतु पिंजरा लगाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। आए दिन गुलदार महिलाएं, बच्चों व पशुओं को शिकार बना रहे हैं। इतना ही नहीं घर के आंगन से गुलदार मासूमों को उठाकर ले जा रहे हैं। रूद्रप्रयाग जिले में गुलदार ने वर्ष 2015 से 2023 तक सात लोगों को अपना निवाला बनाया। हाल ही में देहरादून में एक 12 साल के मासूम को भी गुलदार ने बुरी तरह से घायल कर दिया था।