राजपुर रोड पर मंत्री सख्त!15 दिन में सफाई, सड़कें होंगी गड्ढामुक्त! | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में लंबित और सुस्त गति से चल रहे विकास कार्यों पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। विधानसभा स्थित कार्यालय में आयोजित संयुक्त विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने लापरवाह कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई और तय समयसीमा में परिणाम देने के सख्त निर्देश जारी किए। क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठान, नालियों की सफाई और फॉगिंग की बदहाल स्थिति पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय की मौजूदगी में मंत्री ने निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।