उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार सुबह राजधानी देहरादून और प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया है। Landslide on Mussoorie-Dehradun Road आज सुबह लगभग 5:00 बजे मसूरी-देहरादून मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध ‘पानीवाला बैंड’ के समीप एक भयानक लैंडस्लाइड हुआ, जिसके कारण मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग का एक बहुत बड़ा हिस्सा पूरी तरह ढहकर गहरी खाई में समा गया। सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह जाने के कारण देहरादून और मसूरी के बीच का सीधा सड़क संपर्क पूरी तरह से कट गया है। सुबह-सुबह हुए इस हादसे के वक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, इस मार्ग के बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गई हैं। मलबे को साफ करने और पहाड़ी वाले हिस्से को काटकर एक नया वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। PWD के आला अधिकारियों के मुताबिक, सड़क का लगभग 50 मीटर से अधिक का हिस्सा पूरी तरह जमींदोज हो चुका है, जिसे दोबारा रिटेनिंग वॉल खड़ी कर भारी वाहनों के लिए सुरक्षित बनाने में कम से कम 8 से 10 दिन का समय लग सकता है। देहरादून जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कुठालगेट और मसूरी दोनों तरफ से बैरियर लगाकर आम वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया है। पुलिस द्वारा फंसे हुए छोटे वाहनों और पर्यटकों को वाया किमसाड़ी-लामदीधार मार्ग से डायवर्ट कर सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि यह मार्ग बेहद संकरा और घुमावदार होने के कारण यहां भी भारी जाम की स्थिति बनी हुई है।