कानून के शिकंजे में ‘पप्पू गिरधारी’: मंत्री पत्नी से विवाद के बाद से चल रहे थे फरार

Spread the love

देहरादून की विशेष जांच टीम (SIT) और कैंट कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के फरार पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ ही इस मामले के सह-आरोपी और उनके भतीजे सत्येंद्र राठौर को भी पुलिस ने बरेली के जोगी नवादा इलाके से दबोचा है। गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्टूबर को अपने पति और भतीजे के खिलाफ देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में अपने पति गिरधारी लाल साहू पर उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) अधिनियम के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, उन पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे मंत्री को विभिन्न कंपनियों के निदेशक पद से अवैध रूप से हटाने का षड्यंत्र रचने का भी आरोप है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद से ही दोनों आरोपी अपनी लोकेशन बदल रहे थे, जिन्हें तकनीकी सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार किया गया है और अब उन्हें आगे की कानूनी कार्यवाही तथा पूछताछ के लिए देहरादून लाया जा रहा है।