केदारनाथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर, हेलीपैड तक बर्फ हटाने का कार्य पूरा

पिछले 22 दिन से केदारनाथ पैदल मार्ग से 100 मजदूर बर्फ हटाने का कार्य कर रहे हैं। पैदल मार्ग पर बर्फ को लगभग एक से डेढ़ मीटर चौड़ाई तक हटाया गया है।

Share

विश्व विख्यात केदारनाथ धाम की यात्रा तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। पैदल मार्ग पर बर्फ हटाने के कार्य में जुटे मजदूरों ने हेलीपैड तक बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया है। Kedarnath Dham Yatra अगले दो दिनों के भीतर मजदूर धाम तक बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लेंगे, जिसके बाद केदारनाथ धाम में घोड़े-खच्चरों का आवागमन सुचारू हो जाएगा और फिर पुनर्निर्माण कार्र्याे से लेकर अन्य यात्रा तैयारियां भी शुरू हो जाएगी। वहीं केदारनाथ धाम में भी पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर मजदूरों की टीमें धाम में पहुंच गई है। पिछले 22 दिन से केदारनाथ पैदल मार्ग से 100 मजदूर बर्फ हटाने का कार्य कर रहे हैं। पैदल मार्ग पर बर्फ को लगभग एक से डेढ़ मीटर चौड़ाई तक हटाया गया है। कई स्थानों पर बर्फ को काट कर फिलहाल अस्थाई रास्ता बनाया जा रहा है।

10 मई को आम श्रद्धालुओं और भक्तों के लिए केदारधाम के कपाट खोल दिये जाएंगे। केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू होने में समय कम और काम अधिक है। पहले से ही केदारनाथ दर्शनों के लिये रजिस्ट्रेशन और होटल-लाॅज फुल हो रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। यात्रा शुरू होने से पूर्व प्रशासन सबसे पहले केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग को दुरुस्त कर रहा है। इसी कड़ी में 18 किमी पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा बर्फबारी से पैदल मार्ग को जो भी क्षति पहुंची है, उसकी भी मरम्मत की जा रही है। डीएम डाॅ सौरभ गहरवार ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही धाम तक बर्फ साफ होने के बाद निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएंगे।