रामनगर में बारिश बनी आफत!उफनते नाले में फंसा थ्री-व्हीलर, चालक बहा! | Uttarakhand

Spread the love

नैनीताल जिले के रामनगर स्थित टेड़ा गांव में एक बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया। इस दौरान नाला पार करने का प्रयास कर रहा एक थ्री-व्हीलर तेज बहाव में अनियंत्रित होकर बह गया। हादसे के समय वाहन में सवार एक यात्री ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जबकि पानी के तेज भंवर में फंसे चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। थ्री-व्हीलर को बहता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। चालक वाहन के अंदर ही फंसा रह गया था। स्थानीय युवाओं ने जान की परवाह किए बिना तुरंत राहत अभियान शुरू किया और रस्सियों के सहारे पानी के तेज बहाव में उतरकर चालक को सुरक्षित किनारे खींच लिया। इसके बाद एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से नाले में फंसे थ्री-व्हीलर को भी बाहर खींच लिया।