रुद्रप्रयाग -हरक सिंह रावत की भरत चौधरी को खुली चुनौती…| Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री व रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। हरक सिंह रावत ने भरत सिंह चौधरी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्होंने 2027 का विधानसभा चुनाव रुद्रप्रयाग सीट से लड़ा, तो चौधरी दूर-दूर तक नजर नहीं आएंगे। रावत ने 2012 के विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग में घर न होने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर निर्दलीय प्रत्याशी रहे चौधरी को हराया था, जो महज 5,000 से 5,500 वोटों तक सिमट गए थे। हालांकि, रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव के लिए उनकी पहली प्राथमिकता सहसपुर विधानसभा सीट है और अंतिम निर्णय कांग्रेस पार्टी को लेना है।

हरक सिंह रावत की इस चुनौती पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने भी कड़ा पलटवार किया है। चौधरी ने रावत को 2012 के चुनाव की याद दिलाते हुए उन पर मां धारी देवी की झूठी शपथ खाने का आरोप लगाया। चौधरी ने कहा कि 2012 में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में रावत ने सार्वजनिक रूप से शपथ ली थी कि यदि वे मुख्यमंत्री नहीं बने तो विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे, लेकिन न तो वे मुख्यमंत्री बने और न ही उन्होंने इस्तीफा दिया, बल्कि 2016 में उन्हें विधानसभा से निष्कासित होना पड़ा। दोनों दिग्गज नेताओं के बीच शुरू हुई इस जुबानी जंग से रुद्रप्रयाग की सियासत गरमा गई है।