देहरादून से साइबर ठगों पर STF का वार!820 खाते ब्लॉक, 10 शातिर गिरफ्तार! | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड में बढ़ते साइबर अपराधों को जड़ से खत्म करने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने मिलकर अब तक का सबसे बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के तहत महज 7 दिनों के भीतर साइबर अपराधियों के एक बहुत बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 से अधिक शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है और ठगी के पैसों से भरे 820 बैंक खातों को हमेशा के लिए फ्रीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, यह विशेष अभियान 24 अगस्त से 1 सितंबर तक चलाया गया। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में एसटीएफ की टीमों ने ठगों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। ठगी में इस्तेमाल होने वाले 644 फर्जी सिम कार्ड और 630 मोबाइल फोन को हमेशा के लिए ब्लॉक कर दिया गया है। पुलिस ने अलग-अलग जिलों से 10 से 15 ऐसे मास्टरमाइंड पकड़े हैं, जो इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) वी. मुरुगेशन ने बताया कि इस बार पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए गृह मंत्रालय के अत्याधुनिक ‘प्रतिबिंब’ ऐप का इस्तेमाल किया। इस ऐप की मदद से पुलिस को यह सटीक लोकेशन मिल जाती थी कि किस इलाके से सबसे ज्यादा ठगी के फोन कॉल किए जा रहे हैं। इसके बाद आरबीआई और दूरसंचार विभाग से मिले डेटा के आधार पर अपराधियों को चारों तरफ से घेर लिया गया।