उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई (CBI) जांच अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। इस मामले में नाम सामने आने के बाद हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक सुरेश राठौर नार्को-एनालिसिस और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए गुजरात के गांधीनगर रवाना हो गए हैं। गांधीनगर की फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) में आज यानी 24 नवंबर को उनका यह वैज्ञानिक परीक्षण होना निर्धारित है। गुजरात के लिए प्रस्थान करने से ठीक पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपना पक्ष रखा। वीडियो में राठौर ने स्पष्ट किया कि उन्हें सीबीआई की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ है और वे जांच एजेंसी के साथ हर स्तर पर पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “अंकिता मेरी बेटी के समान थी। मैं इस मामले में एक गवाह (विटनेस) के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने और जांच में सहयोग करने गांधीनगर जा रहा हूं। मेरी यही इच्छा है कि इस मामले की पूरी सच्चाई देश और प्रदेश के सामने आए और बेटी अंकिता को न्याय मिले।”
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, गांधीनगर पहुंचने के बाद सबसे पहले पूर्व विधायक का विस्तृत मेडिकल परीक्षण (चिकित्सकीय जांच) किया जाएगा। डॉक्टरों की टीम द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से फिट घोषित किए जाने के बाद ही नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया था, जब सोशल मीडिया पर कुछ कथित ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हुए थे। इन ऑडियो रिकॉर्डिंग्स में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच हुई कथित बातचीत का दावा किया गया था। बातचीत में अंकिता हत्याकांड से जुड़े किसी प्रभावशाली व्यक्ति या ‘वीआईपी’ (VIP) का जिक्र होने की बात कही गई थी। इसी के बाद सीबीआई ने इस एंगल पर अपनी जांच तेज की और कोर्ट की अनुमति के बाद संबंधित पक्षों के नार्को टेस्ट का फैसला लिया। इस प्रकरण में दूसरी प्रमुख कड़ी मानी जा रही अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बयान भी सीबीआई द्वारा पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। अदालत के समक्ष अपनी सहमति देने के बाद उर्मिला सनावर का भी गांधीनगर में नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाना तय हुआ है। हालांकि, उनके टेस्ट की आधिकारिक तारीख का ऐलान होना अभी बाकी है।अब पूरे उत्तराखंड की निगाहें गांधीनगर लैब में होने वाले इस टेस्ट और इससे सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हुई हैं।