गले मिले दिग्गज…क्या मिट गई कांग्रेस की दूरियां? | Harish Rawat | Yashpal Arya | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं—पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर छिड़े सियासी विवाद पर अब खुद हरीश रावत ने स्थिति साफ कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद शुरू हुई गुटबाजी और नाराजगी की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए रावत ने इसे महज एक राजनीतिक नैरेटिव करार दिया है। इसके साथ ही दोनों नेताओं की एक नई तस्वीर भी सामने आई है, जो पार्टी में सब कुछ ठीक होने का संदेश दे रही है। हाल ही में बागेश्वर में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मंच पर स्वागत के वक्त हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच एक-दूसरे को पहले माला पहनाने को लेकर हल्की खींचतान देखने को मिली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच इस वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच अनबन की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

विवाद बढ़ता देख पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सामने आकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंच पर जो कुछ भी हुआ, वह किसी मतभेद या नाराजगी का हिस्सा नहीं था, बल्कि आपसी स्नेह और सम्मान की भावना थी। रावत के अनुसार, उम्र और अनुभव में वरिष्ठ होने के नाते यशपाल आर्य उन्हें पहले माला पहनाकर सम्मान देना चाहते थे। वहीं, दूसरी ओर हरीश रावत नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की गरिमा का सम्मान करते हुए पहले यशपाल आर्य को माला पहनाना चाहते थे। हरीश रावत ने इस घटना को विवाद का रूप देने के लिए विरोधियों और मीडिया के एक वर्ग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सद्भावना और शिष्टाचार के इस व्यवहार को जानबूझकर गलत तरीके से पेश कर एक ‘नैरेटिव’ गढ़ने की कोशिश की गई है। उधर, कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भी किसी भी तरह की कलह से इनकार करते हुए इसे सामान्य राजनीतिक शिष्टाचार बताया है। तमाम अटकलों पर विराम लगाने के लिए अब दोनों नेताओं की एक नई तस्वीर जारी की गई है। इस तस्वीर में हरीश रावत और यशपाल आर्य बेहद खुशमिजाज अंदाज में एक-दूसरे के साथ हंसते और गले मिलते हुए नजर आ रहे हैं।