निकाय चुनाव के लिए चुनाव प्रचार का शोर आज शाम 5 बजे थम जाएगा। इससे पहले कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आखिरी दिन चुनाव प्रचार के लिए पूरी ताकत झोकती दिखेगी। Uttarakhand Nikay Chunav 2025 इसके बाद प्रत्याशी अथवा उनके समर्थक चार से पांच लोगों को साथ लेकर ही बिना शोर शराबे के प्रचार कर सकेंगे। प्रदेश में निर्वाचन आयोग ने 23 जनवरी को होने वाले मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान कर्मियों को मतदान और मतगणना से संबंधित ट्रेनिंग भी दे दी गई है। 11 नगर निगमों में मेयर के 72 प्रत्याशी, नगर पालिका व नगर पंचायतों में अध्यक्ष के 445 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 23 जनवरी को होगा। बुधवार को प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर प्रचार कर सकेंगे
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि मतदान से ठीक 48 घंटे पहले 21 जनवरी की शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर अपना प्रचार कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 100 निकायों में 30,29,000 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 1515 मतदान केंद्र और 3394 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। चुनाव के लिए कार्मिकों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। द्वितीय चरण का प्रशिक्षण मंगलवार तक पूरा हो जाएगा। 16,284 कार्मिक और 25,800 सुरक्षाकर्मी मतदान में लगाए गए हैं। पोलिंग पार्टियों के आवागमन के लिए 846 हल्के और 572 भारी वाहन लगाए गए हैं। बुधवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हो जाएंगी। चुनाव के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।