ज्योलीकोट के पास आमने-सामने भिड़ीं दो कारें!टैक्सी पलटी, तीन लोग हुए घायल | Uttarakhand News

Spread the love

नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योलीकोट के आमपड़ाव स्थित मटियाली बैंड के पास शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रही एक ऑल्टो टैक्सी को सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉक्सवैगन पोलो कार ने गलत दिशा में आकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन यात्री—रौशन, अमित और हिमांशु—गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नैनीताल के बी.डी. पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर उस समय तनाव फैल गया जब नशे की हालत में बताए जा रहे पोलो कार सवार युवकों ने घायलों की मदद करने के बजाय हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने टैक्सी चालक गिरीश भट्ट, स्थानीय ग्रामीणों और बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान नवल कुमार के साथ अभद्रता और मारपीट की। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ज्योलीकोट पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर पांच युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।