25 हजार की रिश्वत लेते जेई को विजिलेंस ने किया गिरफ्तार, स्ट्रीट लाइटें ठीक करने वाली कंपनी से किया था सौदा

विजिलेंस की टीम ने हल्द्वानी में नगर निगम के जेई को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

Share

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जीरो टोलरेंस नीति पर रिश्वतखोर कर्मचारी और अधिकारियों के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। JE arrested taking bribe इसी क्रम में विजिलेंस की टीम ने हल्द्वानी में नगर निगम के जेई को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, नगर निगम का जेई सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने वाली कंपनी से 25 हजार रिश्वत की डिमांड की थी। जिसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने कुमाऊं विजिलेंस में इसकी शिकायत की। विजिलेंस टीम की शुरुआती जांच में शिकायत सही पाई गई। इस पर घूसखोर जेई को पकड़ने के लिए योजना बनाई गई। जिस पर गुरुवार को विजिलेंस की टीम ने नगर निगम कार्यालय में अचानक छापा मारा और जेई को कंपनी के कर्मचारी से 25 हजार की रिश्वत लेते रंगों हाथों गिरफ्तार किया। विजिलेंस की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।

विजिलेंस सीओ अनिल मनराल ने बताया कि शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी कंपनी हल्द्वानी शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य करती है और इनके रखरखाव का कार्य भी उनके द्वारा किया जाता है। कंपनी द्वारा रखरखाव के एवज में भुगतान नगर निगम करता है। लेकिन इससे पहले नगर निगम से कार्य के संतोषजनक होने का पत्र की आवश्यकता होती है। जिसे बनाने के के लिए नगर निगम हल्द्वानी के जेई केबी उपाध्याय रिश्वत मांग रहा था। उधर हल्द्वानी नगर निगम में विजिलेंस की छापामारी मिलने की सूचना पर नगर निगम के कर्मचारियों में हड़कंप मच रहा। छापेमारी के दौरान भारी पुलिस फोर्स भी मौके पर तैनात रही। फिलहाल विजिलेंस की टीम जेई से पूछताछ कर रही है। विजिलेंस की टीम ने कुछ दस्तावेज को भी जब्त किया है।