उत्तराखंड में दो दिन बारिश और बर्फबारी के बाद अब मौसम शुष्क बना हुआ है। नए साल पर भी मौसम साफ ही रहने वाला है। Uttarakhand Weather Today राज्य में 4 जनवरी 2025 तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में भले ही आसमान साफ रहे और मौसम शुष्क बना रहे लेकिन मैदानी इलाकों में सुबह-शाम का कोहरा लोगों की दुश्वारियां बढ़ा सकता है। इससे ठिठुरन भरी ठंड लोगों को परेशान कर सकती है। बदरीनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ से ढक गए हैं। रविवार को धूप खिलने के बाद बदरीनाथ धाम के सौंदर्य में निखार आ गया। धाम में करीब तीन फीट तक ताजी बर्फ जम गई है। यहां तापमान माइनस 14 तक पहुंच रहा है। नीती और माणा गांव भी बर्फ से ढक गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ बिक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल मंगलवार को राज्य में अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहने के साथ ही मैदानी जनपदों में कोहरा देखा जा सकता है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले के कुछ स्थानों में घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति बने रहने की संभावना है। राजधानी देहरादून के कुछ इलाकों में भी आज घना कोहरा रहने के आसार हैं। देहरादून का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चमोली जनपद में 3000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी करते हुए अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद शासन अलर्ट हो गया है। एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।