दोस्तो कैसे पहाड़ का एक गांव रात-रात राख ढेर में बदल गया, पहाड़ की वादियों में जो देवदार और कैल के मकान सदियों से हमारी शान और भूकंप से सुरक्षा की ढाल माने जाते थे, आज वही मकान सिस्टम की लापरवाही के कारण ‘बारूद के ढेर’ बन चुके हैं! उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में जो तबाही मची है, उसने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रशासन हादसों से सबक नहीं लेता। 33 घर राख हो गए, 58 परिवारों की जिंदगी भर की कमाई एक झटके में स्वाहा हो गई। जब 90 प्रतिशत गांव लकड़ी के बने हैं, तो वहां आग बुझाने के इंतजाम कागजों से बाहर क्यों नहीं निकलते? दोस्तो उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के दूरस्थ पवाणी गांव में 24 नवंबर की शाम करीब चार बजे लगी आग ने ऐसा विकराल रूप धारण किया कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। Parvatjan की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, प्रशासन के अद्यतन आंकड़ों में 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो चुके हैं, जिससे 58 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। दोस्तो इतना ही नहीं, आग की लपटों ने गांव के एक पंचायत भवन और एक प्राथमिक विद्यालय को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत और राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी तरह की जनहानि या पशुधन की हानि नहीं हुई है, और गांव के 13 मकानों को किसी तरह सुरक्षित बचा लिया गया। लेकिन जिन 58 परिवारों की छत छिन गई है, उनके सामने इस कड़कड़ाती ठंड में भोजन, कपड़े और सिर छिपाने का सबसे बड़ा संकट खड़ा हो गया है। दोस्तो मोरी क्षेत्र में बार-बार होने वाले इन अग्निकांडों के पीछे सबसे बड़ी वजह यहां की पारंपरिक निर्माण शैली और संसाधनों की भारी कमी है।
इस क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत गांवों में मकान देवदार और कैल की लकड़ी से बने हुए हैं। सूखी लकड़ी और घरों के एक-दूसरे से बेहद सटे होने के कारण, एक घर में लगी मामूली चिंगारी या गैस सिलेंडर का धमाका मिनटों में पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लेता है। दोस्तो पवाणी गांव की यह त्रासदी कोई पहली घटना नहीं है। आंकड़े गवाही देते हैं कि मोरी तहसील पिछले 19 सालों से लगातार आग के मुहाने पर बैठी है। पिछले 19 वर्षों में यहां 450 से अधिक मकान अग्निकांड की भेंट चढ़ चुके हैं। इन हादसों में 3 ग्रामीणों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो चुकी है और सैकड़ों बेजुबान मवेशी काल के गाल में समा चुके हैं, मै नहीं कह रहा हूं आकड़े कह रहे हैं 2006 में ढाटमीर गांव, एक साथ 120 भवन जलकर राख हुए थे। 2007 में ओसला गांव, 53 भवन जले और 83 मवेशियों की मौत हुई। 2008 में जखोल, 44 घर स्वाहा हो गए। 2018 में सावणी गांव, 29 मकानों के साथ करीब 100 मवेशी जिंदा जल गए। 2020 में मसरी और 2024 में सालरा, क्रमशः 28 और 14 घर जलकर खाक हुए।
दोस्तो एक संस्था है तरुण पर्यावरण विज्ञान संस्था जैसे स्थानीय संगठनों का भी मानना है कि क्षेत्र के पांच गांव तो ऐसे हैं, जहां के लगभग सभी मकान पिछले दो दशकों में आग की भेंट चढ़ चुके हैं। दोस्तो इधर हादसे की गंभीरता को देखते हुए अब सियासी और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने इस भीषण अग्निकांड को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की है और पत्र सौंपकर प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत के साथ-साथ मुआवजा राशि बढ़ाने की जोरदार मांग उठाई है। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहाड़ के दुर्गम इलाकों में लकड़ी के पारंपरिक मकानों को दोबारा खड़ा करने की लागत मैदानी इलाकों के मुकाबले कई गुना ज्यादा होती है। ऐसे में पुराने और मामूली मानकों के तहत मिलने वाली सहायता राशि से इन 58 परिवारों का पुनर्वास संभव नहीं है। विधायक ने प्रभावितों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास, भोजन, कंबल और क्षति का त्वरित स्थलीय सर्वेक्षण कर विशेष पैकेज देने की मांग की है। दूसरी तरफ, ताजा अपडेट यह है कि मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर शासन ने SDRF और NDRF के संशोधित मानकों के तहत आपदा प्रभावितों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता में बढ़ोतरी की प्रक्रिया तेज कर दी है। राजस्व, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। दोस्तो राहत सामग्री और मुआवजे के ऐलान से तात्कालिक मरहम तो लग जाएगा, लेकिन असली सवाल वहीं खड़ा है। क्या सरकार मोरी के इन 90 प्रतिशत लकड़ी के गांवों के लिए कोई ठोस ‘फायर सेफ्टी मास्टरप्लान’ बनाएगी, या फिर अगले साल किसी और गांव की राख पर इसी तरह की रिपोर्ट बनाई जाएगी?