गैरसैंण में बैरियर पर रोके तो सिर पर बर्तन रखकर सरकार को घेरा!

Spread the love

उत्तराखंड के गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में विधानसभा सत्र के पहले दिन बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय जन-मुद्दों को लेकर धामी सरकार के खिलाफ कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को जब पुलिस प्रशासन ने कालीमाटी और दुकमुतासैण बैरियर पर रोक दिया, तो कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। इस अवरोध से नाराज होकर विपक्ष ने बैरियर पर ही धरना शुरू कर दिया और पहाड़ी व पथरीले जंगली रास्तों से होते हुए विधानसभा की ओर कूच करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

इस भारी विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार को घेरने के लिए कुछ बेहद अनूठे और प्रतीकात्मक तरीके अपनाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में उत्तराखंड के पारंपरिक बर्तनों को अपने सिर पर रखकर और उन्हें बजाकर जोरदार नारेबाजी की। यही नहीं, जब पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल किया, तो कई प्रदर्शनकारी पानी के सामने अपने सिर पर शैंपू लगाते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं को सुनने के बजाय उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को दबा रही है।