Uttarakhand Weather: मौसम का यू-टर्न! 9 जिलों में बारिश का अलर्ट, केदारनाथ-बदरीनाथ में बर्फबारी से बढ़ी ठंड

Spread the love

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संयुक्त प्रभाव के कारण प्रदेश के 9 पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज के लिए राज्य के अधिकांश पहाड़ी हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी बदलाव आगामी 2 नवंबर तक जारी रह सकता है, जिससे पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड की एंट्री वक्त से पहले हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान है।

मौसम केंद्र के निदेशक के अनुसार, राज्य के 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की भारी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री और हेमकुंड साहिब समेत ऊंचे शिखरों पर बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में बर्फीली हवाएं चलेंगी। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, लेकिन आसमान में आंशिक बादल छाए रहने से दिन के तापमान में कमी आएगी। 29 अक्टूबर (गुरुवार): देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में मौसम ज्यादा संवेदनशील रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किमी/घंटा (झोंके 50 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है। 30 अक्टूबर (शुक्रवार): चक्रवात ‘अर्नब’ के लैंडफॉल के बाद मिलने वाली नमी के कारण उत्तराखंड के कुछ पर्वतीय हिस्सों में तेज से भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।