उत्तराखंड में भले ही बारिश-बर्फबारी नहीं हो रही हो सर्दी का सितम बरकरार है। पहाड़ों में पाला और मैदानी इलाकों में शीतलहर सूखी ठंड बढ़ा रही है। हालांकि दिन के समय धूप खिलने से ठिठुरन भरी ठंड से राहत है। Uttarakhand Weather Forecast मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी जिले देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार समेत नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में घना कोहरा छाया रह सकता है। घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है। ठंडी हवाओं के कारण ठंड का अहसास वास्तविक तापमान से ज्यादा महसूस किया जा सकता है। पहाड़ी जिलों की बात करें तो उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे क्षेत्रों में ठंड और ज्यादा तीखी रहने की संभावना है।
आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। हालांकि, 17 जनवरी के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस बीच उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश तथा 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क ही रहने के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से पाला और अधिक ठंड की चेतावनी को देखते हुए देहरादून डीएम सविन बंसल ने स्कूलों के समय को लेकर आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, कक्षा एक से 12 तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 31 जनवरी तक साढ़े आठ बजे के बाद ही खुलेंगे।