Yogi Adityanath ! सत्ता का शिखर भी नहीं रोक पाया आंसू! ।Motherlove । Uttarakhand News

Spread the love

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी शनिवार (21 नवंबर 2026) को पंचतत्व में विलीन हो गईं। हरिद्वार के चंडी घाट (नमामि गंगे घाट) पर पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मां के अंतिम दर्शन और विदाई के दौरान अपनी कठोर प्रशासनिक छवि के लिए पहचाने जाने वाले सीएम योगी बेहद भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। 91 वर्षीय सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पहुंचे। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे रातभर अपनी मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। शनिवार सुबह घर पर पारंपरिक रस्में पूरी करने के बाद जब अंतिम दर्शन का समय आया, तो सीएम योगी मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करते हुए भावुक हो गए और रूमाल से अपनी आंखें पोंछते दिखे। एक बेटे के रूप में उन्होंने मां की अर्थी को कंधा भी दिया।

शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे पंचूर गांव से अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। दोपहर में चंडी घाट श्मशान पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई, जहां सीएम योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने माता सावित्री देवी को मुखाग्नि दी। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने चिता की परिक्रमा कर मां को अंतिम प्रणाम किया।