उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी के गोलापार में एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। रविवार को अमृतपुर बाईपास परियोजना (गौलापार बाईपास न्यू कटिंग रोड) का औचक निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री का पैर अचानक एक पथरीले और ऊबड़-खाबड़ मोड़ पर फिसल गया। निर्माण कार्य के चलते सड़क का यह हिस्सा पूरी तरह कच्चा और फिसलन भरा था, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत संभाल लिया, जिससे उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पैर फिसलने की इस घटना के बावजूद मुख्यमंत्री धामी ने अपना हौसला नहीं खोया और तुरंत खड़े होकर बाईपास का निरीक्षण कार्य जारी रखा। यह परियोजना कुमाऊं क्षेत्र में प्रसिद्ध कैंची धाम (बाबा नीम करौली) जाने वाले यात्रियों को भारी ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सख्त निर्देश दिए कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सड़क का निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।