बागेश्वर के कपकोट में 55 दिन से सड़क के लिए भूख हड़ताल! | Uttarakhand News

Spread the love

बागेश्वर जिले अंतर्गत कपकोट तहसील के फुलवाड़ी, फुलाचौंरा और थलीधार क्षेत्र के ग्रामीण जन मिलन केंद्र फुलवाड़ी में सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले 55 दिनों से लगातार भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं। आजादी के दशकों बाद भी मोटर मार्ग न बनने के कारण ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। इसी आंदोलन के बीच प्रशासनिक दावों की पोल तब खुली जब जिला अस्पताल में प्रसव के बाद लौटी निशा नाम की महिला को गांव तक सड़क न होने के चलते बुजुर्ग ग्रामीणों ने डंडी-कंडी (डोली) में बैठाकर अपने कंधों पर करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंचाया। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और रोजमर्रा की आवाजाही के लिए सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव ने स्थानीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों और संघर्ष समिति का स्पष्ट कहना है कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू नहीं होता, तब तक यह अनशन वापस नहीं लिया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि दर्जनों बार ज्ञापन देने और लगभग दो महीने से शांतिपूर्ण आंदोलन चलाने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।