ऋषिकेश में नदी के टापू पर फंसा युवक!जानकी सेतु के पास SDRF ने कैसे बचाया? | Uttarakhand News

Spread the love

थाना मुनि की रेती क्षेत्र में जानकी सेतु के पास गंगा नदी के बीच बने एक टापू पर फंसे 19 वर्षीय युवक आयुष भंडारी को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने एक चुनौतीपूर्ण नाइट ऑपरेशन के तहत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कर्णप्रयाग (चमोली) निवासी आयुष कम जलस्तर देखकर टापू पर गया था, परंतु तभी अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और चारों तरफ तेज बहाव होने के कारण वह बीच में ही असहाय होकर फंस गया। देर रात ढालवाला पुलिस चौकी से सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम बिना किसी देरी के राहत व बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। अंधेरे और गंगा नदी की प्रचंड लहरों के बीच सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जवानों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। एसडीआरएफ की टीम ने लाइफ जैकेट, सेफ्टी हार्नेस और रस्सियों के सहारे उफनती धारा के पार टापू तक एक सुरक्षित मार्ग तैयार किया और युवक तक पहुंच बनाई। जवानों ने भयभीत युवक को ढांढस बंधाते हुए उसे सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया और प्राथमिक राहत के बाद स्थानीय जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।