लखवाड़ में मजदूरों का हल्लाबोल! | Lakwar | Project Worker | Protest | LnT | Uttarakhand News

Spread the love

हक की लड़ाई या वर्दी की सख्ती, लखवाड़ में किसका राज? पहाड़ का पसीना बहाने वालों पर पुलिस की क्यों पड़ी लाठी!10 दिन की भूख और इंतजार के बाद क्यों भड़की चिंगारी? कंपनी की मनमानी पर प्रशासन ने क्यों साधी चुप्पी? देखिए, कैसे एक धरने ने पूरे उत्तराखंड के हाईवे को जाम कर दिया! लखवाड़ में बवाल की पूरी कहानी। दोस्तो देवभूमि उत्तराखंड की वादियों में एक तरफ विकास की बड़ी-बड़ी इमारतें और बांध खड़े किए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ उन इमारतों की नींव में अपना खून-पसीना बहाने वाले मजदूरों के अरमानों को कुचला जा रहा है! सवाल सीधा है—क्या पहाड़ के बेटे-बेटियों को अपने ही घर में अपने हक की आवाज उठाने का भी अधिकार नहीं बचा है? दोस्तो यमुना नदी पर बन रही 300 मेगावाट की लखवाड़ बांध परियोजना आज विकास का प्रतीक कम, और मजदूरों के शोषण का अखाड़ा ज्यादा बन चुकी है, ये जो तस्वीरें लोहारी-कुणा कार्यस्थल और बाड़वाला हाईवे से सामने आईं, उसने पूरे उत्तराखंड के सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांगों के लिए बैठे श्रमिकों को जिस तरह पुलिस ने जबरन घसीटकर बसों में भरा, उसने चिंगारी को शोला बना दिया। आखिर क्यों भड़के मजदूर? क्या है यह पूरा 35 सूत्रीय विवाद? और कैसे एक बांध का धरना सड़क के महासंग्राम में बदल गया? सब कुछ आगे मै आपको एक एक बताने जा रहा हूं। दोस्तो इस पूरे बवाल की जड़ें एक दिन पुरानी नहीं हैं, बल्कि इसके पीछे सालों का दर्द और वादाखिलाफी छिपी है। लखवाड़ बांध बहुउद्देशीय परियोजना में निर्माण का जिम्मा संभाल रही कंपनी (L&T) और श्रम विभाग के खिलाफ संविदा श्रमिकों का गुस्सा लंबे समय से उबल रहा था। मजदूरों का सीधा आरोप है कि कंपनी प्रबंधन मनमानी कर रहा है और श्रम विभाग आंखें मूंदकर बड़े पूंजीपतियों की गोद में बैठा है। दोस्तो श्रमिकों के इस आर-पार के मोर्चे के पीछे मुख्य रूप से तीन बड़े कारण हैं, जिन पर बात अटक गई है: नियन की मान्यता पर रोक, मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए ‘संविदा श्रमिक संघ उत्तरांचल यूनियन’ को आधिकारिक मान्यता देने की मांग कर रहे हैं।

मजदूरों का सवाल है कि जब जांच में उनकी यूनियन सही पाई गई है, तो फिर कंपनी और श्रम विभाग को इसे मान्यता देने में क्या डर सता रहा है? 46 साथियों की बर्खास्तगी, कंपनी ने आवाज उठाने वाले 46 स्थानीय श्रमिकों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। मजदूरों की साफ मांग है कि जब तक उनके इन 46 साथियों को वापस काम पर नहीं रखा जाता और उन पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस नहीं होते, तब तक कोई समझौता नहीं होगा। 35 सूत्रीय मांगें और भत्ते, बात सिर्फ यूनियन की नहीं है, बल्कि उचित मजदूरी, यात्रा भत्ता और सुरक्षा उपकरणों से जुड़ी 35 सूत्रीय मांगों की है। मजदूरों का कहना है कि 2 नवंबर को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जो समझौता हुआ था, कंपनी ने उसे रद्दी की टोकरी में फेंक दिया। आश्वासनों की घुट्टी पिलाकर बार-बार काम शुरू करवा लिया जाता है, लेकिन जमीन पर एक भी वादा पूरा नहीं होता। दोस्तो जब बार-बार की गुहार के बाद भी कंपनी और श्रम विभाग के कानों पर जूं नहीं रेंगी, तो मजदूरों के सब्र का बांध टूट गया। पिछले 10 दिनों से टिहरी और देहरादून की सीमा पर स्थित लोहारी-कुणा कार्यस्थल पर श्रमिकों ने डेरा डाल दिया..आंदोलन के दौरान मजदूरों ने हर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। कभी श्रम विभाग की शव यात्रा निकाली गई, तो कभी कमिश्नर का पुतला फूंका गया।

जब फिर भी सुनवाई नहीं हुई, तो छठे दिन आक्रोशित श्रमिकों ने एलएंडटी कंपनी के कार्यालय में तालाबंदी कर दी और परियोजना का काम पूरी तरह ठप कर दिया। मजदूरों का संदेश साफ था—’जब तक हमारा हक नहीं, तब तक बांध का एक पत्थर भी नहीं हिलेगा लेकिन शायद प्रशासन को मजदूरों की यह एकता रास नहीं आई। संवाद के जरिए हल निकालने के बजाय, प्रशासन ने ताकत के इस्तेमाल का रास्ता चुना। दोस्तो लोहारी-कुणा धरना स्थल का नजारा किसी छावनी जैसा था। आंदोलन के दसवें दिन कालसी प्रशासन और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम कालसी ने परियोजना स्थल पर धारा 163 लागू होने और निर्माण कार्य बाधित होने का हवाला देते हुए श्रमिकों को वहां से हटने का फरमान सुनाया..मजदूरों ने साफ कहा कि वे पिछले दस दिनों से बिना किसी समाधान के बैठे हैं और खाली हाथ नहीं उठेंगे। बस फिर क्या था—प्रशासन और श्रमिकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते पुलिस ने बल प्रयोग शुरू कर दिया। धक्का-मुक्की के बीच धरनारत मजदूरों को जबरन उठाकर पुलिस की बसों में ठूंसा गया और हिरासत में ले लिया गया। इस कार्रवाई के वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुए, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों के जहन में एक ही सवाल कौंधने लगा—क्या एक निजी कंपनी के मुनाफे के लिए सरकार की पुलिस अपने ही राज्य के गरीब मजदूरों के साथ अपराधियों जैसा सलूक करेगी?”

दोस्तो प्रशासन ने सोचा था कि मजदूरों को बसों में भरकर ले जाने से आंदोलन खत्म हो जाएगा, लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया। पुलिस कार्रवाई की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते यह लड़ाई सिर्फ बांध के मजदूरों की नहीं, बल्कि पहाड़ के स्वाभिमान की लड़ाई बन गई। दोस्तो दोस्तो उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार, जो पहले से ही मजदूरों के समर्थन में आवाज बुलंद कर रहे थे, उनके साथ-साथ स्थानीय युवाओं और सामाजिक संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। शुभम चौहान, रजत तोमर, हिमांशु राठौर समेत सैकड़ों युवा और स्थानीय नागरिक सीधे सड़कों पर उतर आए। दोस्तो आक्रोशित भीड़ ने बाड़वाला हाईवे पर पहुंचकर चक्का जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने सीधे तौर पर सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि नदियों और संसाधनों पर पहला हक स्थानीय लोगों का है। अगर कंपनी की तानाशाही और पुलिस की दमनकारी नीति नहीं रुकी, तो यह आंदोलन देहरादून से लेकर पूरे उत्तराखंड की सड़कों पर फैल जाएगा। हालांकि, दोस्तो भारी विरोध और बढ़ते दबाव के बाद प्रशासन को हिरासत में लिए गए श्रमिकों को छोड़ना पड़ा, लेकिन सवाल आज भी वहीं खड़ा है। क्या मजदूरों को हिरासत में लेने से उनकी 35 मांगें पूरी हो जाएंगी? क्या 46 बर्खास्त कर्मचारियों के घर का चूल्हा जल पाएगा? लखवाड़ बांध का यह विवाद अब केवल मजदूरी या यूनियन का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह इस बात की परीक्षा है कि उत्तराखंड में व्यवस्था आम आदमी के साथ खड़ी है या बड़ी कंपनियों के दबाव में काम कर रही है। फिलहाल, बाड़वाला से लेकर लोहारी-कुणा तक तनाव बरकरार है। अब देखना यह होगा कि सरकार और प्रशासन इस चिंगारी को संवाद से बुझाते हैं, या फिर पहाड़ एक और बड़े जनआंदोलन का गवाह बनने जा रहा है!