देर रात खाई में गिरी बोलेरो! SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां शादी समारोह से लौट रहा एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। यह दुर्घटना 16 नवंबर की रात करीब 10 बजे अगस्त्यमुनि क्षेत्र के भट्टवारी-कण्डारा (बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग) के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन (UK 13 TA 1013) में कुल 10 लोग सवार थे, जो पोखरी क्षेत्र से विवाह समारोह में शामिल होकर वापस रांसी लौट रहे थे। कंडारा के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सीधे सैकड़ों मीटर गहरी खाई में समा गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दुर्घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ (DDRF) की टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी इलाका, खड़ी चट्टान और घना अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन जवानों ने पूरी रात सघन अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। सभी 6 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस प्रशासन द्वारा मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।