अब मोबाइल से होगी आपकी गिनती! उत्तराखंड में शुरू हुई डिजिटल स्व-गणना, सीएम धामी ने भरा पहला फॉर्म

Spread the love

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तराखंड में आज यानी सोमवार, 16 नवंबर 2026 से डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर सपरिवार ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस आधुनिक डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपने परिवार की सटीक जानकारी दर्ज करें, ताकि राज्य के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों का बेहतर निर्माण सुनिश्चित हो सके।

जनगणना निदेशालय के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्य के हिमाच्छादित क्षेत्रों को छोड़कर शेष पूरे प्रदेश में आम नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर स्वयं अपना पंजीकरण और जानकारी अपडेट कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करने के बाद नागरिकों को एक विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। इस चरण के समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर इस आईडी के माध्यम से विवरणों का सत्यापन करेंगे और व्यापक जनसंख्या गणना के कार्य को पूरा करेंगे।