गूलर बाजार के पास बड़ा हादसा! बस पुल से 100 मीटर नीचे गिरी, SDRF का रेस्क्यू | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विश्वनाथ सेवा की एक यात्री बस सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग के लिए निकली थी, जो लगभग 4:30 बजे गूलर पुल पर अनियंत्रित होकर 100 मीटर नीचे गहरी खाई (गदेरे) में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 6 यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की ब्यासी और ढालवाला टीमों के साथ स्थानीय पुलिस व फायर सर्विस के जवान मौके पर पहुंचे। दुर्गम खाई और नीचे पानी होने के बावजूद बचाव दल ने कड़ी मशक्कत कर सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स व नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। फिलहाल, प्रशासन द्वारा हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।