देहरादून के सहिया में बड़ा हादसा टला! सेना वाहन के ब्रेक फेल, 4 महिलाएं घायल! | Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के कालसी तहसील अंतर्गत सहिया-समाल्टा मोटर मार्ग पर सेना के एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल होने से हुए भीषण हादसे में 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समाल्टा की ओर से सहिया आ रहा सैन्य वाहन ढलान पर बेकाबू हो गया, जिसके चलते चालक ने उस पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रक ने मोड़ पर पहले सामने खड़ी एक यूटिलिटी (पिकअप) गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे दुकान के समीप बैठी महिलाओं को रौंदते हुए रुक गया। इस दौरान पास से गुजर रहे स्कूली बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा होते-होते टल गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन महिलाओं की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों में माटला निवासी असाड़ी देवी (65 वर्ष), ददौली निवासी सीमा देवी (45 वर्ष) व शिखा (18 वर्ष) और खतार निवासी ढेकूटी देवी (60 वर्ष) शामिल हैं।