देहरादून में BJP पार्षद अमिता सिंह के घर लूट, घरेलू सहायक फरार | Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के बसंत विहार इलाके में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर पर उनके घरेलू सहायक द्वारा पूरे परिवार को नशीला पदार्थ देकर लाखों की लूट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। Theft At BJP Councillor House बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास रहने वाली पार्षद के घर पर करीब 20-25 दिन पहले ही एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नेपाल मूल के नौकर को काम पर रखा गया था। मंगलवार रात आरोपी ने खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटा शुभम बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी ने रात करीब 1 बजे अपने कुछ अन्य साथियों को घर पर बुलाया और करीब एक घंटे तक पूरे घर को खंगालकर नकदी और लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।

बुधवार सुबह होश आने पर पीड़ित परिवार को वारदात का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। विषाक्त पदार्थ के अत्यधिक असर के कारण पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति और बेटे की हालत स्थिर है। सूचना मिलते ही बसंत विहार पुलिस और सीओ अंकित कंडारी ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार घरेलू सहायक व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।