चंपावत जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बाराकोट के बागधारा के समीप लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर एक बड़ा लैंडस्लाइड हुआ है। Lohaghat Pithoragarh Highway Landslide पहाड़ी का एक विशाल हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरने से ऑलवेदर रोड का यह मुख्य मार्ग दोनों ओर से पूरी तरह बंद हो गया है। मलबे और भारी बोल्डरों के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे पिथौरागढ़ और चंपावत के बीच का संपर्क पूरी तरह कट गया है और सैकड़ों यात्री बीच रास्ते में फंसे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंच चुकी हैं और मार्ग को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। हालांकि, पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने और खराब मौसम के कारण राहत कार्य में काफी बाधा आ रही है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से यात्रियों को इस मार्ग पर यात्रा न करने की सख्त सलाह दी है और पहाड़ी क्षेत्रों में रह रहे लोगों को भी सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।