रामनगर: जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे ताड़म घुरकोट गांव के एक रिहायशी इलाके में बाघ के दस्तक देने का एक वीडियो सामने आने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। वीडियो में एक विशालकाय बाघ आबादी वाले क्षेत्र में एक घर के बिल्कुल ठीक बाहर बेखौफ चहलकदमी करता हुआ साफ नजर आ रहा है। ग्रामीणों की चिंता इसलिए और ज्यादा बढ़ गई है क्योंकि जिस मार्ग पर बाघ को देखा गया, उसी रास्ते से गांव के बच्चे, बुजुर्ग और अन्य लोग रोजाना आवाजाही करते हैं। स्थानीय परिवारों ने किसी भी अनहोनी या मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना से बचने के लिए वन विभाग से क्षेत्र में तुरंत गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की गुहार लगाई है।