जिस बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिस बेटी के कातिलों को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुना दी। अब उसी बेटी के चरित्र पर कीचड़ उछालने की घिनौनी साजिश रची गई! जी हां, उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर महाबवाल मच गया है। मुख्य दोषी पुलकित आर्य तो पहले से ही सलाखों के पीछे सड़ रहा है, लेकिन अब उसके पिता विनोद आर्य और वकील अनुज पुंडीर के गले पर भी कानून का फंदा कस चुका है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट वायरल करने वाले विनोद आर्य पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आखिर क्या है यह पूरा बवाल? किन धाराओं में दर्ज हुई है एफआईआर? और क्या अब विनोद आर्य की गिरफ्तारी तय है? दोस्तो उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। 30 मई 2025 को कोटद्वार की अदालत ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को उम्रकैद की सजा सुनाकर अपना फैसला दे दिया था। लेकिन जेल में बंद अपने कातिल बेटे को बचाने या मामले को भटकाने के लिए पिता विनोद आर्य ने जो चाल चली, वो अब उन्हीं पर भारी पड़ गई है। दरअसल, बीते दिनों हरिद्वार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व बीजेपी नेता विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर ने मीडिया के सामने मृतका अंकिता भंडारी और उसके दोस्त पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप चैट के करीब 4,000 पन्ने सार्वजनिक कर दिए। इतना ही नहीं, जांच और कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए दिवंगत अंकिता के चरित्र पर भी उंगलियां उठाई गईं, लेकिन अंकिता के माता पिता के साथ ही समाज ने इसे नाया पैतरा बताते हुए। चैट को लेकर सवाल उठाते हुए विनोद आर्य और उनके वकील पर कार्रवाई के लिए मोर्चा खोला, तो समाज और सियासत का साथ मिला, नतीजा ये कि अब विनोद आर्य पर भी मुकदमा दर्ज हो गया। दोस्तो एक तरफ माता-पिता अपनी जवान बेटी को खोने का गम झेल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दोषी के पिता द्वारा उनकी बेटी की मर्यादा और निजता को सरेआम तार-तार किया गया।
इस हरकत से अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी का गुस्सा फूट पड़ा। 22 नवंबर को उन्होंने इस मामले में शिकायत दी, लेकिन जब शुरुआती दिनों में पुलिस की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो बेबस माता-पिता को न्याय के लिए एक बार फिर सड़कों पर उतरना पड़ा। वहीं बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में अंकिता के माता-पिता धरने पर बैठ गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत तमाम राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन भी पीड़ित परिवार के समर्थन में उतर आए। दबाव बढ़ता देख और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी मुरुगेशन से मुलाकात के बाद, आखिरकार बुधवार देर शाम पुलिस प्रशासन हरकत में आया और देहरादून के राजपुर थाने में विनोद आर्य और वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ ‘जीरो एफआईआर’ (Zero FIR) दर्ज कर ली गई। दोस्तो सोचिए जरा, कितनी संवेदनहीनता है! जो बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, जो खुद आकर अपनी सफाई नहीं दे सकती, उसकी निजी जिंदगी के पन्नों को मीडिया के कैमरों के सामने उछाला जा रहा है। यह सिर्फ निजता का उल्लंघन नहीं है, बल्कि एक मृत आत्मा का अपमान है। सवाल यह उठता है कि जब कोर्ट ने सबूतों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलकित आर्य को दोषी मानकर उम्रकैद दे दी है, तो फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके यह नया ड्रामा क्यों रचा गया? क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है? अब जरा कानून के उन शिकंजों को समझ लीजिए, जो विनोद आर्य और अनुज पुंडीर पर कसे गए हैं। राजपुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ बेहद गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D, जो किसी की डिजिटल पहचान, पासवर्ड या इलेक्ट्रॉनिक डेटा के गलत इस्तेमाल और धोखाधड़ी से जुड़ी है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356(2), जो मानहानि और किसी की छवि को जानबूझकर धूमिल करने के अपराध में लगती है।बीएनएस की धारा 79, जो किसी महिला की मर्यादा और लज्जा का अपमान करने वाले शब्दों या कृत्यों के खिलाफ लगाई जाती है। दोस्तो क्योंकि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस हरिद्वार में हुई थी, इसलिए देहरादून पुलिस ने नियमों के तहत जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद अब इस पूरे केस को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए हरिद्वार की कोतवाली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। दोस्तो उत्तराखंड की जनता पहले ही अंकिता हत्याकांड को लेकर आक्रोशित है। पहले वीआईपी (VIP) के नाम को लेकर बवाल हुआ, फिर सबूत मिटाने के लिए रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलाने के आरोप लगे, और अब जब कातिलों को सजा मिल चुकी है, तो चरित्र हनन का यह नया खेल शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर ली है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या हरिद्वार पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच कर विनोद आर्य और उनके वकील को गिरफ्तार करेगी, या फिर रसूख के आगे जांच फाइलों में दबकर रह जाएगी? आपकी इस पूरे मामले पर क्या राय है, कमेंट बॉक्स में लिखकर जरूर बताएं।