वीकेंड की खुशियां मातम में बदलीं: ऋषिकेश घूमने आए जयपुर के युवक-युवती गंगा के तेज बहाव में बहे

Spread the love

पर्यटन नगरी ऋषिकेश के शिवपुरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जयपुर (राजस्थान) से वीकेंड मनाने आए चार दोस्तों के दल में शामिल एक युवक और युवती गंगा नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादल बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों लापता पर्यटकों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जानकारी के मुताबिक, जयपुर के प्रतापनगर निवासी राजकुमार मीणा अपनी पत्नी, दोस्त लवेश साटीवाल (26) और चेतना मीणा (27) के साथ शनिवार को ऋषिकेश घूमने आए थे। चारों ने शिवपुरी स्थित एक रिवर साइड कैंप में बुकिंग कराई थी।

रविवार सुबह करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच लवेश और चेतना अपने अन्य साथियों को बताए बिना कैंप से निकलकर गंगा तट पर नहाने चले गए। नहाने से ठीक पहले उन्होंने फोन कर राजकुमार और उनकी पत्नी को भी घाट पर बुलाया। जब राजकुमार अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां लवेश और चेतना नजर नहीं आए। नदी के किनारे दोनों के कपड़े, जूते और मोबाइल फोन रखे मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस और एसडीआरएफ (ढालवाला) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। एसडीआरएफ के निरीक्षक कवींद्र सजवाण के नेतृत्व में डीप डाइवर्स (गोताखोरों) और राफ्टिंग बोट की मदद से शिवपुरी से लेकर नीचे के घाटों तक गंगा नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

लापता पर्यटकों का विवरण:

• युवक: लवेश साटीवाल (26 वर्ष), पुत्र सुरेश साटीवाल, निवासी जयपुर (राजस्थान)

• युवती: चेतना मीणा (27 वर्ष), पुत्री हरिशंकर मीणा, निवासी प्रतापनगर, जयपुर (राजस्थान)