Ankita Bhandari मां की आवाज से किसे डर? धमकी किसने दी? । CM Dhami । Justice । Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की लड़ाई लड़ रही पीड़िता की मां सोनी देवी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक भावुक वीडियो में सोनी देवी ने आरोप लगाया है कि उन्हें फोन पर धमकियां दी जा रही हैं और चुप रहने का दबाव बनाया जा रहा है। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और गढ़वाल परिक्षेत्र के आईजी राजीव स्वरूप ने इस पूरे प्रकरण की जांच के आदेश जारी किए हैं। वायरल वीडियो में रोते हुए सोनी देवी ने अपनी पीड़ा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों द्वारा उन्हें धमकाया जा रहा है कि यदि उन्होंने सरकार के खिलाफ कुछ बोला या आवाज उठाई, तो उनके पूरे परिवार का पता तक नहीं चलेगा।

सोनी देवी ने भावुक होते हुए कहा, “मैं जिंदा रहूं या न रहूं, लेकिन हमने स्वाभिमान की लड़ाई लड़ी है। मेरी बेटी अंकिता ने अपने स्वाभिमान के लिए जान दे दी। अगर वह ऐसा न करती तो दुनिया को कैसे पता चलता कि रिसॉर्ट में क्या चल रहा था। पिछले चार साल से हम न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आज उल्टा मेरी बेटी का चरित्र हनन किया जा रहा है और ऐसे लोगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।” वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महानिरीक्षक (IG) गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून एसएसपी (SSP) को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना के बाद उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए इसे लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था के लिए शर्मनाक बताया है। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को उच्च स्तरीय सुरक्षा मुहैया कराने और धमकियों के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब करने की मांग की है।