उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत से जुड़े ताजा विवादों ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। देहरादून के एक जमीनी धोखाधड़ी मामले में अन्य महिला का नाम हरक सिंह की पत्नी के रूप में सामने आने और इसके बाद हरक सिंह की धर्मपत्नी दीप्ति रावत द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए गए भावुक वीडियो ने इस पूरे प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है। दीप्ति रावत द्वारा अपने परिवार को हो रही मानसिक पीड़ा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने के बाद अब भाजपा महिला मोर्चा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने इस संवेदनशील मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दीप्ति रावत के प्रति नैतिक समर्थन और सहानुभूति जताई है, साथ ही कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। मोर्चा का कहना है कि एक विवाहित महिला की पहचान और अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। इसके साथ ही पुराने ‘जेनी प्रकरण’ के फिर से सुर्खियों में आने के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस से चुप्पी तोड़ने और हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति के पद से हटाकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।