दिलीप रावत की गोदियाल को खुली चुनौती, क्या स्वीकार करेंगे? | ganesh godiyal | Uttarakhand News

Spread the love

उत्तराखंड की राजनीति में लैंसडाउन से भाजपा विधायक दिलीप रावत के एक ताजा बयान ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। दिलीप रावत ने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को सीधी और खुली चुनौती दी है। रावत ने कहा है कि यदि गोदियाल में नैतिकता बची है, तो उन्हें पौड़ी गढ़वाल की इष्ट देवी मां धारी देवी के दरबार में जाकर सौगंध लेनी चाहिए कि कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत अत्यंत चरित्रवान हैं और उन पर लगे सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। भाजपा विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि गोदियाल ऐसा करते हैं, तो वे आरोप लगाने वालों को गलत मान लेंगे और इससे कांग्रेस की साख भी बच जाएगी। यह पूरा विवाद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ति रावत के प्रकरण से जुड़ा हुआ है, जिसमें वे पिछले एक महीने से न्याय की मांग कर रही हैं। दिलीप रावत ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा उनकी पीड़ा को समझती है और हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। वहीं, भाजपा विधायक की इस तीखी चुनौती के बाद अब सभी की निगाहें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर टिकी हैं, जिनकी ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।