मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 494 प्रभावितों को ₹1 अरब 95 करोड़ 51 लाख 67 हजार की धनराशि उनके खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। CM Dhami Reached Haldwani शेष लाभार्थियों को भी उनकी धनराशि शीघ्र ही उनके खाते में सत्यापन के उपरान्त ट्रांसफर कर दी जाएगी जिसकी कार्यवाही चल रही है। राज्य सरकार द्वारा परियोजना से विस्थापित परिवारों को उनके पुनर्वास के लिए जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रयाग फार्म स्थित ग्राम गडरियाबाग में 300.5 एकड़ भूमि सिंचाई विभाग को निशुल्क आवंटित की गई है। यह भूमि इंडस्ट्रियल एरिया में दी गई है, जिसका सर्वांगीण विकास किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना के प्रभावित के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के लिए, राज्य के अच्छे भविष्य के लिए, आसपास के क्षेत्र के अच्छे भविष्य के लिए अपने भविष्य को इस परियोजना को समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना से प्राप्त 117 एमएलडी पानी से हल्द्वानी शहर की वर्ष 2051 की आबादी को देखते हुए इस पेयजल योजना से आपूर्ति की जायेगी। उन्होंने कहा कि जमरानी परियोजना बनने से भू-जल का स्तर बढेगा तथा रोजगार भी सृजित होगा। इस योजना से जहां पेयजल की आपूर्ति होगी वहीं नैनीताल-ऊधमसिह नगर के किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी शहर के लिए प्रधानमंत्री द्वारा ₹2,000 करोड़ की लागत से विकास कार्य हो रहे हैं, शीघ्र ही हल्द्वानी महानगर एक आधुनिक एवं भव्य नगर के रूप में विकसित होगा।मुख्यमंत्री ने ₹100 लाख की लागत से हल्द्वानी में ‘ग्रीन हल्द्वानी’ योजना के अंतर्गत नगर वन इकोलॉजी पार्क का शिलान्यास किया। इस परियोजना का उद्देश्य शहर में पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखना और हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।
इसके साथ ही, ₹57.02 लाख की लागत से मेहरा गांव के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों के बेहतर शिक्षा के लिए विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष और आर्ट क्राफ्ट कक्ष का भी निर्माण किया जाएगा। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होगी। उन्होंने गांधीनगर के राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ₹44.07 लाख की लागत से विज्ञान और कंप्यूटर कक्ष का निर्माण कार्य आरंभ किया। इसके साथ ही, नैनीताल जिले के मोती नगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में ₹61.50 लाख की लागत से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण किया गया। यह कदम विज्ञान शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही ₹41.69 लाख की लागत से हिम्मतपुर सोमवार स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष का निर्माण कार्य पूरा किया गया। इसके साथ ही, ₹359.86 लाख की लागत से भीमताल के ग्राम आना अमिया की लगभग 200 लोगों की आबादी को गोला नदी की बाढ़ से बचाने के लिए सुरक्षा कार्य भी किया गया है।