अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य द्वारा मृतका की कथित निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विनोद आर्य के हरिद्वार स्थित आवास का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निजी चैट को मीडिया के सामने लाकर अंकिता के चरित्र का हनन किया जा रहा है और उनकी गरिमा के साथ खिलवाड़ हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने आर्य के आवास के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी थी। जब महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगीं, तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद नाराज कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ज्योति रौतेला सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, वहीं कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा।