CBI कोर्ट पहुंचीं उर्मिला, भाजपा नेताओं पर लगाए नए आरोप!| Uttarakhand News

Spread the love

अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ (VIP) एंगल की जांच के सिलसिले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर शुक्रवार को देहरादून की विशेष सीबीआई (CBI) कोर्ट में पेश हुईं। कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्हें नार्को टेस्ट में शामिल न होने के लिए 25 लाख रुपये और एक स्कॉर्पियो कार का लालच दिया गया था। भाजपा का झंडा लगी गाड़ी से कोर्ट पहुंचीं उर्मिला ने खुद को पार्टी का सक्रिय सदस्य बताते हुए आरोप लगाया कि जेल में रहने के दौरान उनके खाने-पीने की चीजों में कुछ मिलाया गया था और उन्हें फोन के जरिए प्रलोभन दिए गए।

सुनवाई के बाद यह जानकारी सामने आई है कि उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। उर्मिला ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर की तरह अपने नार्को टेस्ट के लिए सहमति दोहराते हुए भाजपा नेता दुष्यंत गौतम समेत अन्य बड़े नेताओं का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। दूसरी ओर, उर्मिला के इन बयानों के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जबकि भाजपा नेता दुष्यंत गौतम पहले ही इन सभी आरोपों को निराधार बताकर खारिज कर चुके हैं और उर्मिला व सुरेश राठौर के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करा चुके हैं।