देहरादून रजिस्ट्रार कार्यालय Dehradun Registrar Office Case में बैनामों से छेड़छाड़ और रजिस्ट्री फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी केपी सिंह की बीते दिनों सहारनपुर में मौत हो गई। केपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले इस मामले से जुड़े तीन अन्य लोगों की मौत संदिग्ध हालात में हुई थी। दो की शराब पीने और एक की एक्सीडेंट से मौत होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने जब इन मौतों का कारण जानने के लिए जांच की तो पता चला कि तीनों में से किसी का भी पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया था। ऐसे में प्रकरण की जांच कर रही एसआइटी (स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम) को संदेह है कि कहीं फर्जीवाड़ा करने वाले इस गिरोह ने ही तो इन्हें ठिकाने नहीं लगा दिया।
ऐसे में अब एसटीएफ रजिस्ट्री फर्जीवाड़े के साथ बाइंडरों की मौत के कारणों की भी जांच में जुट गई है। बता दें कि पिछले दिनों गैंगस्टर ओमवीर तोमर के पकड़े जाने के बाद पता चला था कि इन मामलों से जुड़े तीन बाइंडर की अलग-अलग समय पर मौत हो चुकी है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जमीनों से जुड़े विभिन्न मामलों में बाइंडर नवरतन सिंह और सोनू के अलावा सहारनपुर के रामभरोसे की मौत के मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामला पुराना है, लेकिन फिर भी जांच करेंगे कि आखिर उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई थी।