Dimple Yadav होंगी समाजवादी पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी, जल्द होगी आधिकारिक घोषणा

मैनपुरी सीट से सांसद डिंपल यादव को उत्तराखंड का प्रभारी बनाया जा सकता है। आधिकारिक रूप से पार्टी की ओर से घोषणा होना बाकी है।

Share

लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी बड़ा फैसला ले सकती है। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी सीट से सांसद डिंपल यादव sansad dimpal yadav को उत्तराखंड का प्रभारी बनाया जा सकता है। सभी प्रमुख नेताओं की ओर से सहमति बन गई है। आधिकारिक रूप से पार्टी की ओर से घोषणा होना बाकी है। इससे उत्तराखंड में पार्टी को एक बड़ा चेहरा मिलेगा। समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने यह जानकारी दी है। अरविंद ने बताया कि समाजवादी पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर आयोजित हुई। इस बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस विषय पर चर्चा की।

महासचिव अरविंद यादव ने बताया कि इस मीटिंग में डिंपल यादव को उत्तराखंड का प्रभारी बनाए जाने पर बात की गई थी। सभी ने अपनी सहमति दे दी है। जल्द इसकी घोषणा की जाएगी। बता दें कि डिंपल यादव का उत्तराखंड से खास कनेक्शन है। उनका जन्म वैसे तो 1978 में पुणे में हुआ था। लेकिन उनका परिवार मूल रूप से उत्तराखंड से जुड़ा है। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल आरसीएस रावत और माता चंपा रावत उत्तराखंड के काशीपुर में ही रहते हैं। इसी को देखते हुए अब समाजवादी पार्टी डिंपल यादव को उत्तराखंड का प्रभारी बनाए जाने पर विचार कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही डिंपल यादव को उत्तराखंड का प्रभारी नियुक्त कर दिया जाएगा।