हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खुद को एसओजी (SOG) की टीम बताकर आए करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक ऑफिस में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारा और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। लुटेरों ने फिल्मी स्टाइल में 8 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठियां और मोबाइल फोन लूट लिए।जाते-जाते बदमाश सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी (CCTV) का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ उखाड़ ले गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए 4 टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस के मुताबिक, यहां पुरानी कारों की खरीद-बिक्री के एक ऑफिस में बुधवार रात कुछ लोग पार्टी कर रहे थे और ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे थे।
तभी रात के करीब 10 बजे एक स्कॉर्पियो और एक सफेद रंग की कार ऑफिस के बाहर आकर रुकी। गाड़ियों से 10 से 12 लोग उतरे और खुद को ‘स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप’ (SOG) का बताकर ऑफिस के अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगों को हथियारों के बल पर घेर लिया। पीड़ितों के अनुसार, बदमाशों ने अंदर आते ही रौब झाड़ना शुरू किया और कहा कि “जुए की सूचना मिली है।” इसके बाद उन्होंने वहां रखे 8 लाख रुपये कैश अपने कब्जे में ले लिए। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां मौजूद जुआरियों के हाथों से सोने की अंगूठियां, गले से चेन और करीब 12 मोबाइल फोन भी छीन लिए।लूटपाट के बाद बदमाशों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। वे अपने साथ ऑफिस में लगा डीवीआर भी ले गए ताकि उनकी पहचान न हो सके।