उत्तराखंड में दिसंबर माह में होगा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन, तमाम सेक्टर के लोगों से लिया गया सुझाव

Spread the love

Uttarakhand Global Investors Summit: उत्तराखंड में दिसंबर महीने में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 को लेकर कसरत शुरू हो गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने समिट को लेकर सभी विभागों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में समिट की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सीएम धामी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सलाहकार समूह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, शासन के आला अधिकारियों समेत तमाम इंडस्ट्री और संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। बता दें कि आगामी 9 और 10 दिसंबर को प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 को लेकर धामी सरकार ने कमर कस ली है। आज मुख्यमंत्री सलाहकार समूह की बैठक में मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित तमाम प्रस्तावों की जानकारियां सीएम के सामने रखी। साथ ही प्रदेश में मौजूद तमाम कंपनियों और संस्थाओं के लोगों ने भी समिट को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए। ताकि, सरकार ने समिट में निवेश को लेकर जो लक्ष्य तय किया है, उस लक्ष्य को पूरा किया जा सके।

वहीं, मुख्यमंत्री सलाहकार समूह की बैठक संपन्न होने के बाद सीएम धामी ने बताया कि विभिन्न उद्योग समूह, चिकित्सा क्षेत्र, शिक्षा और समाज में विभिन्न क्षेत्र में काम करने वाले लोगों से चर्चा किया गया है। बैठक में लोगों ने सुझाव दिए हैं कि कैसे निवेशों को आकर्षित कर अधिकतम निवेश लाया जा सकता है। लिहाजा, जो सुझाव मिले हैं, इन सुझावों पर काम किया जाएगा। साथ ही कहा कि इस बैठक से समिट की शुरुआत हो गई है। इसके बाद अन्य शहरों और विदेशों में जाकर निवेशकों को आकर्षित करेंगे। साथ ही कहा कि इन्वेस्टर समिट होने तक एक अच्छा निवेश पूरी तरह से आ जाए। निवेशकों को लुभाने के लिए जो नीतियां बनाई गई है, उसको काफी सरल किया गया है। सीएम धामी ने कहा कि ढाई लाख करोड़ रुपए के एमओयू का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।