राज्य में मानव वन्यजीव संघर्ष के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि आए दिन जंगली जानवर इंसानों पर हमला कर रहे हैं। Leopard Attack On Woman Koti इस बीच रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार तहसील के कोटी पठालीधार गांव में बुजुर्ग महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया, लेकिन पहाड़ की इस वीर महिला ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए हाथ में मौजूद दरांती से गुलदार का डटकर मुकाबला किया और अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार नारायणी देवी(64) बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला ने घबराने के बजाय दरांती से लगातार वार किए, जिससे गुलदार भाग निकला और उनकी जान बच गई। हमले में उनके हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। वहीं, उप प्रभागीय वनाधिकारी दिवाकर पंत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बताया कि महिला पर उस समय हमला हुआ, जब वह जंगल में घास काट रहीं थीं। क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।