सावन महीने के शुभारंभ के साथ ही धर्मनगरी हरिद्वार में गुरुवार से कांवड़ मेले की विधिवत शुरुआत हो गई है। बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं और अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो रहे हैं। Kanwar Mela 2026 Begins चारों ओर गूंजते “बम-बम भोले” और “जय शिव शंभू” के जयकारों से पूरी धर्मनगरी गुंजायमान है। भगवा वस्त्रों में सजे लाखों शिवभक्त गंगा नदी में आस्था की पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। घाटों से पवित्र गंगाजल भरकर कांवड़िया अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। श्रद्धालुओं का उत्साह, अटूट श्रद्धा और भक्ति का यह संगम हर किसी को मंत्रमुग्ध कर रहा है। हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया है. कांवड़ियों का कहना है कि जल भरने से लेकर विश्राम करने तक किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। आस्था, उत्साह और प्रशासन के बेहतर समन्वय के साथ हरिद्वार से कांवड़ यात्रा पूरी भव्यता के साथ आगे बढ़ रही है।